मणिकर्ण सड़क की बदहाली पर भाजपा का हमला, 39 करोड़ के दुरुपयोग का आरोप

मणिकर्ण सड़क की बदहाली पर भाजपा का हमला, 39 करोड़ के दुरुपयोग के लगाए आरोप: संजीव पंडित

कुल्लू | सोमवार

कुल्लू। भुंतर–मणिकर्ण सड़क की खराब हालत को लेकर भाजपा पार्वती मंडल के अध्यक्ष संजीव पंडित ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सड़क के रखरखाव और मरम्मत के लिए 39 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई थी, लेकिन विभाग और राज्य सरकार ने इस धनराशि का सही उपयोग नहीं किया।

"संजीव पंडित ने कहा कि इस बजट से भुंतर से लेकर मणिकर्ण तक सड़क को पूरी तरह दुरुस्त किया जाना था, लेकिन हालत आज भी जस की तस बनी हुई है।"

पंडित ने आरोप लगाया कि धन का दुरुपयोग कर जनता के साथ अन्याय किया गया है और इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विधायक ने मणिकर्ण घाटी को "राम भरोसे" छोड़ दिया है।

पंचायतों के बजट पर सवाल

संजीव पंडित ने आरोप लगाया कि पंचायतों के भंग होते ही पंचायतों की धनराशि को आईपीएच (IPH) विभाग की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह धनराशि केंद्र सरकार से आई है और इसे पंचायतों के विकास कार्यों पर ही खर्च किया जाना चाहिए था।

पेयजल और शिक्षा की दयनीय स्थिति

उन्होंने बताया कि मणिकर्ण घाटी में इन दिनों पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है। इसके अलावा घाटी के कई स्कूल भवन जर्जर होकर ध्वस्त हो चुके हैं, जिसके चलते बच्चों को खुले आसमान के नीचे या टीन के शेड में पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post