कुल्लू। 29 से 31 अगस्त 2026 तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायसन में आयोजित अंडर-14 छात्र वर्ग की खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता में खंड कुल्लू-2 के करीब 29 विद्यालयों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खराहल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खो-खो में प्रथम स्थान हासिल किया। खराहल स्कूल की टीम ने एक बार फिर खो-खो में अपना दबदबा कायम रखा। विद्यालय का खो-खो का यह खिताब पिछले कई वर्षों से लगातार बरकरार है। प्रतियोगिता में टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबलों में विपक्षी टीमों को इनिंग डिफीट दी।
शानदार प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के छात्र दक्षित ठाकुर को ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ घोषित किया गया। वहीं, विद्यालय के पांच खिलाड़ियों दक्षित, रूबल, सौरभ, दिवेश और मनीष का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ये सभी खिलाड़ी 10 से 12 सितंबर तक भुंतर में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में ब्लॉक कुल्लू-2 का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य चिमनलाल ने सभी खिलाड़ियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
उन्होंने टीम के कोच देव ठाकुर, डीपीई और रमेश कुमार, पीईटी को भी शानदार मार्गदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। वहीं, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान दोत राम राणा ने भी सभी खिलाड़ियों और कोचों को इस शानदार उपलब्धि पर अपनी ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।