राज्यपाल ने एनसीसी के अखिल भारतीय माउंट देव टिब्बा अभियान को दिखाई हरी झंडी
शिमला, 1 जून। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सोमवार को राजभवन शिमला से एनसीसी के अखिल भारतीय माउंट देव टिब्बा अभियान-2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त महानिदेशक एनसीसी मेजर जनरल विकास भारद्वाज, उप महानिदेशक ब्रिगेडियर राजीव कपूर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय शिमला के ग्रुप कमांडर कर्नल आदित्य सिंह वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
6001 मीटर ऊंची देव टिब्बा चोटी के लिए आयोजित यह अभियान वर्ष 2026 का एनसीसी का पहला प्रमुख पर्वतारोहण अभियान है। अभियान के लिए देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 175 कैडेटों ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया। सोलंग घाटी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान में आयोजित ट्रायल के बाद 12 छात्राओं और 12 छात्रों का अंतिम दल चयनित किया गया।
अभियान का नेतृत्व विंग कमांडर कुनाल शर्मा कर रहे हैं। चयनित कैडेटों को उच्च हिमालयी पर्वतारोहण की चुनौतियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है।
राज्यपाल ने सभी कैडेटों और दल के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन, साहस और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दल एनसीसी की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाएगा तथा राष्ट्रीय एकता और युवा सशक्तिकरण का संदेश देगा।
Tags:
कुल्लू


