मृत्यु पंजीकरण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करें : एडीएम

कुल्लू। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सुरजीत सिंह राठौर की अध्यक्षता में बुधवार को सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम के तहत जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन्म-मृत्यु घटनाओं के समयबद्ध पंजीकरण, प्रमाण-पत्रों की इलेक्ट्रॉनिक डिलीवरी, पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा पंजीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम को पूर्ण रूप से लागू करने तथा पंजीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन्म एवं मृत्यु की प्रत्येक घटना का निर्धारित समयावधि में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने पंचायत स्तर पर पंजीकरण कार्य से जुड़े पंचायत सचिवों एवं अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों की समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम की प्रक्रिया, नियमों एवं नवीन प्रावधानों की जानकारी दी जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण से पंजीकरण कार्य को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। बैठक में सरकारी एवं निजी अस्पतालों द्वारा जन्म-मृत्यु की घटनाओं की समय पर सूचना देने, मृत्यु के चिकित्सकीय प्रमाणीकरण, निजी अस्पतालों की पंजीकरण इकाईवार सूची तैयार करने तथा पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। फर्जी पंजीकरण एवं यूजर क्रेडेंशियल के दुरुपयोग को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी दया राम, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ.राधा शर्मा, डॉ. सुरेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post