अंतरराष्ट्रीय शरदोत्सव मनाली: महानाटी का शानदार प्रदर्शन
📍 कुल्लू | 21 जनवरी, 2026
"पारम्परिक गीतों एवं लोक वाद्यों की धुन पर महानाटी की समृद्ध परम्परा का प्रदर्शन। विधायक मनाली ने कहा महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार है प्रतिबद्ध।"
अंतरराष्ट्रीय शरदोत्सव मनाली के दूसरे दिन राइट बैंक की महिलाओं की महानाटी विशेष आकर्षण रही। यह महानाटी जहां महिलाओं द्वारा अपनी सांस्कृतिक परम्परा को समृद्ध करने का सशक्त प्रयास है, वहीं पर अगली पीढ़ी को भी परम्परा के मूल्यों का अंतरण करने का एक माध्यम है।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़, एसडीएम रमन शर्मा सहित आयोजन समिति के समस्त सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने महिलाओं का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
💰 सहायता राशि में वृद्धि
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने महिला मंडलों को दी जाने वाली सहायता राशि को इस वर्ष 30 हज़ार से बढ़ाकर 35 हज़ार रुपये कर दिया है।
✨ महानाटी का शानदार श्रृंगार
काले रंग के फूलदार पट्टू, चांदी की बूमणी, चंद्रहार, लॉकेट और लाल रंग का ढाठू पहनकर जब 1100 महिलाओं ने एक साथ महानाटी डाली, तो इसकी शोभा देखते ही बनती थी। रामबाग चौक से दुर्गा मंदिर तक महिलाओं की लंबी कतार ने सबका मन मोह लिया।
🏆 इनाम की घोषणा: प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 1 लाख रुपये और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
आगामी कार्यक्रम: लेफ्ट बैंक की महानाटी 23 जनवरी को आयोजित होगी।