कुल्लू में सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त: उपायुक्त ने दिए ब्लैक स्पॉट्स सुधारने और अवैध पार्किंग हटाने के निर्देश

दिनाँक: 06 जनवरी, 2026

सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित


कुल्लू: उपायुक्त तोरुल एस. रवीश की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाना और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाना था।

ब्लैक स्पॉट्स और सुरक्षा उपाय

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर चरणबद्ध तरीके से सुधार किया जाए। इन क्षेत्रों में आवश्यक साइन बोर्ड, चेतावनी संकेत, ट्रैफिक लाइट्स, सीसीटीवी कैमरे और स्पीड कंट्रोल उपाय तुरंत लागू किए जाएं। विशेष रूप से अंधे मोड़ों पर कन्वैक्स मिरर लगाने के निर्देश दिए गए ताकि सामने से आने वाले वाहनों का पता चल सके।

अवैध पार्किंग और लावारिश पशुओं पर कड़ाई

बैठक में गेमन ब्रिज के समीप ईंटों से लदे भारी वाहनों द्वारा बाधा उत्पन्न करने पर सख्त नाराजगी जताई गई। उपायुक्त ने इन्हें तत्काल हटाने और अनधिकृत पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, सड़कों पर लावारिश पशुओं की समस्या के लिए नगर परिषदों और पंचायतों को विशेष अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित स्थानों (गौशालाओं) तक पहुँचाने को कहा।

जागरूकता और तकनीक का मेल

सड़क सुरक्षा को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में रोड सेफ्टी क्लबों को सक्रिय करने पर बल दिया गया। इसके अलावा, नाइट विजन कैमरों की स्थापना और 'ड्रिंक एंड ड्राइव' के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

"प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और स्थानीय निकायों के आपसी समन्वय से ही हम सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों को कम कर सकते हैं।" - तोरुल एस. रवीश, उपायुक्त कुल्लू

बैठक में उपस्थित अधिकारीगण

Post a Comment

Previous Post Next Post