कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुंतर में 26 से 28 सितंबर तक आयोजित अंडर-19 जिला स्तरीय छात्रा वर्ग माइनर गेम्स प्रतियोगिता में कुल्लू जोन ने लगातार दूसरी बार खो-खो की ट्रॉफी अपने नाम की। कुल्लू जोन की टीम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खराहल की आठ छात्राओं ने भाग लिया और पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान कुल्लू जोन की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कई मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज की। सेमीफाइनल मुकाबले में टीम ने विपक्षी टीम को टर्न डिफीट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला कुल्लू जोन और मनाली जोन के बीच खेला गया, जिसमें खराहल स्कूल की छात्राओं दिया, गुनगुन और सानवी ने शानदार प्रदर्शन किया। कुल्लू जोन की टीम ने फाइनल मुकाबला भी टर्न डिफीट से जीतकर लगातार दूसरी बार जिला स्तरीय खो-खो ट्रॉफी पर कब्जा किया।खराहल स्कूल की दिया, सानवी, गुनगुन और पल्लवी का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 19 अक्टूबर तक सिद्धपुर, मंडी में किया जाएगा। वहीं, अंडर-19 छात्र वर्ग में भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खराहल के तीन खिलाड़ियों ईशान, रेवत और कबीर का चयन खो-खो की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 11 से 14 अक्टूबर तक कुपवी, शिमला में आयोजित होगी।
इसके अलावा जिला स्तरीय अंडर-14 बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी खराहल स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। चयनित खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में 9 से 11 अक्टूबर तक मंडी में भाग लेंगे।विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य चिमनलाल तथा स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान दोत राम राणा ने डीपीई देव ठाकुर, पीईटी रमेश शुक्ला सहित सभी खिलाड़ियों और समस्त स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।