‘गरीबी हटाओ’ का नारा देने वाली कांग्रेस अब गरीबों को ही हटाने में जुटी – अखिलेश कपूर
भाजपा का आरोप: पिछले एक साल में 1.50 लाख से अधिक बीपीएल परिवारों के नाम सूची से काटे गए
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में बीपीएल (BPL) परिवारों की छंटनी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर करारा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने कहा कि "गरीबी हटाओ" का नारा देने वाली कांग्रेस सरकार आज गरीबों को ही सरकारी योजनाओं से बाहर करने में लगी है।
3 लाख परिवारों के नाम सूची से गायब
अखिलेश कपूर ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों में करीब 3 लाख से अधिक बीपीएल परिवारों के नाम सूची से काटे गए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 1.50 लाख से अधिक परिवार सिर्फ पिछले एक वर्ष में हटाए गए हैं।
"प्रदेश में महंगाई 6–7 प्रतिशत और बेरोजगारी करीब 8 प्रतिशत बनी हुई है। ऐसे में गरीबों की संख्या कम होने का सरकार का दावा पूरी तरह झूठ और निराधार है।" - अखिलेश कपूर
कांग्रेस सरकार से तीखे सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने सरकार से सवाल किया कि पिछले तीन वर्षों में ऐसी कौन-सी योजना लाई गई जिससे बीपीएल परिवारों का उत्थान हो गया? सरकार यह स्पष्ट करे कि गरीबों को कौन-सा स्थायी रोजगार या आर्थिक लाभ दिया गया जिससे उनकी गरीबी समाप्त हो गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने मनमाने मापदंड अपनाकर हजारों पात्र परिवारों को बीपीएल सूची से बाहर कर दिया है, जिससे वे राशन, पेंशन, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं।
श्वेत पत्र जारी करने की मांग
अखिलेश कपूर ने मांग की कि:
- सरकार बीपीएल छंटनी पर तुरंत श्वेत पत्र जारी करे।
- कटे नामों की ग्राम सभा के माध्यम से पुनः समीक्षा कराई जाए।
- सभी पात्र परिवारों को तत्काल बीपीएल सूची में बहाल किया जाए।
"यदि सरकार ने उचित कदम नहीं उठाए, तो भाजपा प्रदेशभर में उग्र आंदोलन छेड़ेगी।"