बंजार आपदा प्रभावितों के लिए ₹26.55 लाख की किराया सहायता राशि जारी
संख्या: 19
कुल्लू: 11 फरवरी
उपमंडलाधिकारी बंजार पंकज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में बरसात के दौरान उप-मंडल बंजार क्षेत्र में हुई भीषण आपदा के कारण व्यापक जान-माल का नुकसान हुआ था। इसमें तहसील बंजार एवं तहसील सैंज क्षेत्र में भारी वर्षा, भूस्खलन तथा भूमि धंसने की घटनाओं से अनेक मकान पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके परिणामस्वरूप कई परिवार बेघर हो गए और उनके पास रहने के लिए कोई स्थायी ठिकाना शेष नहीं रहा।
"आपदा की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने घोषणा की थी कि जिन परिवारों के मकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें अस्थायी रूप से किराए के भवन में रहने हेतु वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।"
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा पात्र एवं सत्यापित प्रभावित परिवारों को भवन किराया सहायता हेतु 26 लाख 55 हजार रुपए की राशि जारी कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सहायता राशि केवल उन परिवारों को प्रदान की गई है जिनके मकान आपदा में पूर्णतः क्षतिग्रस्त पाए गए हैं और जिनका सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा विधिवत किया गया है।
उप-मंडल प्रशासन बंजार ने पुनः आश्वस्त किया है कि आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जारी रखा जाएगा तथा सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।