कुल्लू कॉन्वेंट स्कूल का IIT कमांद का शैक्षिक भ्रमण एवं कार्यशाला
विशेषज्ञों से संवाद स्थापित कर विद्यार्थियों ने हासिल की महत्वपूर्ण जानकारी
IIT कमांद के प्रोफेसरों, पीएचडी स्कॉलers तथा बी.टेक. छात्रों ने कुल्लू कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों का किया मार्गदर्शन
कुल्लू: कुल्लू कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा नौवीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों ने हाल ही में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मंडी (कमांद परिसर) में एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण एवं कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह विशेष कार्यक्रम आईआईटी मंडी के गणितीय एवं सांख्यिकी विज्ञान विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए पूरे दिन विविध शैक्षणिक गतिविधियाँ एवं कार्यशालाएँ आयोजित की गईं। विभाग के चेयरपर्सन, विभागाध्यक्ष (HOD), प्रोफेसरों और आईआईटी के छात्रों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध एवं नवाचार के विभिन्न आयामों से परिचित कराया। विद्यार्थियों को आईआईटी मंडी के उत्तर एवं दक्षिण दोनों जोन के परिसर का भ्रमण भी करवाया गया।
कार्यशाला के दौरान छात्रों ने अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया और अपने द्वारा तैयार वैज्ञानिक एवं गणितीय मॉडलों का प्रदर्शन भी किया। विशेषज्ञों से संवाद स्थापित कर विद्यार्थियों ने करियर विकल्पों तथा शोध अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। आईआईटी के छात्रों के साथ इस प्रत्यक्ष संवाद ने उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और तकनीकी शिक्षा के वातावरण की वास्तविक समझ प्रदान की।
विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने आईआईटी मंडी के संकाय सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके भविष्य के करियर निर्माण के प्रति नई प्रेरणा जागृत करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।