समय से पांच मिनट पहले पहुंचने पर भी स्टाफ नर्स परीक्षा में नहीं बैठने दिया बंजार की बेटी को, लगाए दुर्व्यवहार के आरोप
एचपीआरसीए परीक्षा केंद्र कुल्लू में विवाद, अभ्यर्थी ने की सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग
कुल्लू
जिला कुल्लू के बंजार क्षेत्र की एक बेटी के साथ कथित तौर पर हुए दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है, जिसने स्टाफ नर्स भर्ती परीक्षा की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बंजार की रहने वाली आशा ठाकुर स्टाफ नर्स का परीक्षा देने के लिए दिल्ली से लंबा सफर तय कर कुल्लू पहुंची, लेकिन उसे परीक्षा केंद्र में बैठने की अनुमति नहीं दी गई।
जानकारी के अनुसार, आशा ठाकुर बीते दिन दिल्ली से अपने घर बंजार पहुंची थी और निर्धारित तिथि को सुबह परीक्षा देने के लिए कुल्लू स्थित राज इंट्रा टेक परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुई। रास्ते में खराब सड़क स्थिति, जगह-जगह भूस्खलन और भारी जाम के चलते वह निर्धारित समय से पांच मिनट पहले, लगभग 3:55 बजे परीक्षा केंद्र पहुंची।
आरोप है कि परीक्षा केंद्र पर मौजूद स्टाफ ने न केवल उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति देने से इनकार कर दिया, बल्कि उसके साथ दुर्व्यवहार और अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। स्टाफ ने कहा कि आप देरी से पहुंची हो। आशा ठाकुर का कहना है कि उसने अपनी परिस्थिति बताते हुए स्टाफ से अनुरोध किया, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई और उसे वहां से जाने को कहा गया।
उच्च स्तरीय जांच की मांग:
पीड़ित अभ्यर्थी ने इस पूरे मामले को अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उसने कहा कि जिन लोगों की वजह से उसे परीक्षा से वंचित होना पड़ा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी अन्य अभ्यर्थी के साथ ऐसा व्यवहार न हो।
इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी परीक्षा प्रबंधन और अभ्यर्थियों के प्रति व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या पीड़ित अभ्यर्थी को न्याय मिल पाता है।
© 2026 | कुल्लू-बंजार समाचार सेवा
