कुल्लू। लग घाटी की मानगढ़ पंचायत के तियुन क्षेत्र में हुई ताजा बर्फबारी ने बागवानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। भारी बर्फबारी के चलते सेब के बगीचों में लगे पौधों को काफी नुकसान पहुंचा है। बर्फ के अधिक भार के कारण पौधों को सहारा देने के लिए लगाई गई जालियां कई स्थानों पर टूट गई हैं, जिससे सेब के पौधों की टहनियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। स्थानीय बागवानों का कहना है कि इस समय पौधों की देखभाल बेहद जरूरी होती है, लेकिन अचानक हुई बर्फबारी ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई बगीचों में छोटे पौधों को ज्यादा नुकसान हुआ है, जिससे आने वाले सीजन की पैदावार पर भी असर पड़ने की आशंका है।फुंगनी माता के कारदार राम लाल ठाकुर ने सरकार और प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे करवाया जाए, ताकि नुकसान का सही आकलन हो सके। उन्होंने कहा कि बागवानों की आर्थिक स्थिति पहले ही कई चुनौतियों से गुजर रही है, ऐसे में इस नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजा दिया जाना बेहद जरूरी है।
बागवानों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि भविष्य में इस तरह की प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि किसानों और बागवानों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।