कुल्लू। जिला कुल्लू में नवगठित पाहनाला पंचायत के गठन से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पंचायत बनने की खुशी में ग्रामीणों ने क्षेत्र के विधायक सुंदर ठाकुर का ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक कुल्वी परिधानों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

"विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज और दुर्गम इलाकों के लोगों को सुविधाएं देने के उद्देश्य से ही नई पंचायतों का गठन किया गया है।"

उन्होंने बताया कि पाहनाला और लिंगर-बनसू क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से काफी दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्र रहे हैं। यहां के लोगों को पहले पंचायत कार्यों के लिए करीब 16 किलोमीटर दूर तक सफर करना पड़ता था, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

अब नई पंचायत बनने से लोगों को अपने ही क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। पंचायत स्तर पर सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए योजनाएं तैयार की जाएंगी।

विधायक ने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और पंचायत के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।