विधायक सुंदर ठाकुर के प्रयासों से ढालपुर पोस्ट ऑफिस क्षेत्र में बनेगी दो करोड़ की लिफ्ट
वार्ड 8 और 10 को मिलेगा बड़ा लाभ: आशा डोगरा
कुल्लू। कांग्रेस नेत्री एवं नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर आठ की प्रत्याशी आशा डोगरा ने कहा है कि विधायक सुंदर ठाकुर के अथक प्रयासों से ढालपुर पोस्ट ऑफिस क्षेत्र में करीब दो करोड़ रुपए की लागत से लिफ्ट योजना का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।
आशा डोगरा ने कहा कि ढालपुर क्षेत्र में बनने वाली यह लिफ्ट योजना कुल्लू शहर के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और आम लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी और सुगमता में बड़ा सुधार होगा। उन्होंने विधायक सुंदर ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में वार्ड नंबर आठ में विकास की कई बड़ी योजनाएं लाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र को भी नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा, जिससे सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की पहचान और मजबूत होगी।
आशा डोगरा ने कहा कि वार्ड नंबर आठ की सबसे गंभीर समस्या सीवरेज लिकेज की है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा ताकि लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।
पार्किंग और पाथ निर्माण की योजना
इसके अलावा उन्होंने जानकारी दी कि लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से आईपीएच नाले के साथ पार्किंग और पाथ निर्माण की योजना भी तैयार की गई है। इस परियोजना के लिए विधायक सुंदर ठाकुर ने आवश्यक प्रबंध कर लिए हैं। योजना के साकार होने से क्षेत्र में पार्किंग सुविधा बढ़ेगी और स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।

