आशा डोगरा के समर्थकों की रैली से गूंजा वार्ड नंबर-8, विकास के बड़े वादों के साथ मांगे वोट

आशा डोगरा के समर्थकों की रैली से गूंजा वार्ड नंबर-8, विकास के बड़े वादों के साथ मांगे वोट
कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर-8 से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी आशा डोगरा के समर्थन में बुधवार को समर्थकों ने जोरदार रैली निकालकर चुनाव प्रचार को गति दी। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। पूरे वार्ड में परिक्रमा करते हुए समर्थकों ने आशा डोगरा के पक्ष में नारेबाजी की और लोगों से उन्हें विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान आशा डोगरा ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि वार्ड नंबर-8 का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विधायक सुंदर ठाकुर के नेतृत्व में आईपीएच नाले में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से विशाल पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के तहत केवल पार्किंग ही नहीं बल्कि एक आधुनिक जनसुविधा केंद्र एवं जंज घर का भी निर्माण प्रस्तावित है, जिससे वार्ड नंबर-8 के साथ-साथ वार्ड नंबर-10 और 11 के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
आशा डोगरा ने कहा कि पोस्ट ऑफिस क्षेत्र में लिफ्ट निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिससे वार्ड नंबर-6, 8 और 10 के निवासियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और आम जनता के लिए राहतकारी साबित होगी। उन्होंने आगे कहा कि ढालपुर मैदानों के सौंदर्यकरण की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय सुविधाओं को भी बढ़ावा मिल सके। आशा डोगरा ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि वार्ड के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने जनता से समर्थन मांगते हुए कहा कि यदि उन्हें अवसर मिला तो विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। चुनाव प्रचार रैली के दौरान वार्ड में कांग्रेस समर्थकों का उत्साह देखने लायक रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post