कुल्लू : हिमाचल भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने प्रदेश में लॉटरी की पुनः शुरुआत को लेकर जारी टेंडर पर कड़ा विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है। अखिलेश कपूर ने कहा कि पाँच लाख युवाओं को रोजगार की गारंटी देने वाली कांग्रेस सरकार आज रोजगार देने के बजाय युवाओं को लॉटरी और जुए की लत की ओर धकेलने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक बदहाली और बढ़ते कर्ज का समाधान जनता को जुए की ओर धकेलना नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में प्रेम कुमार धूमल जी की सरकार ने जनहित में लॉटरी पर प्रतिबंध लगाया था। ऐसे में आज केवल लगभग ₹100 करोड़ की आय के लिए हिमाचल के परिवारों, कर्मचारियों और युवाओं को उसी सामाजिक बुराई की ओर धकेलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन का बोझ हिमाचल की जनता की जेब पर डालना कदापि स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार को राजस्व बढ़ाने के लिए रोजगार, निवेश, पर्यटन और उद्योग जैसे स्थायी आय के स्रोत विकसित करने चाहिए। अखिलेश कपूर ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश हित और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लॉटरी की पुनः शुरुआत के लिए जारी टेंडर को तुरंत रद्द किया जाए। हिमाचल की दशकों पुरानी सर्वदलीय सहमति और सामाजिक हितों का सम्मान किया जाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवाओं को रोजगार चाहिए, जुए की लत नहीं। पाँच लाख नौकरियों की गारंटी देने वाली सरकार को अपनी गारंटी पूरी करनी चाहिए, न कि युवाओं के भविष्य को लॉटरी के भरोसे छोड़ना चाहिए। ₹100 करोड़ के लालच में हिमाचल की युवा पीढ़ी और परिवारों का सामाजिक भविष्य दाँव पर लगाना प्रदेश हित नहीं है। कांग्रेस सरकार को यह फैसला तत्काल वापस लेना चाहिए।