कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रायसन में कुल्लू-2 खंड की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिताओं का सोमवार को विधिवत समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानाचार्य हंसराज आचार्य ने शिरकत की।
मुख्य अतिथि हंसराज आचार्य ने बताया कि इन खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 29 अगस्त 2026 को हुआ था। प्रतियोगिता में कुल 25 विद्यालयों के 324 छात्रों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कायस ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रायसन दूसरे स्थान पर रहा। कबड्डी में राजकीय उच्च विद्यालय कोटा-आगे ने प्रथम तथा स्थानीय विद्यालय रायसन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह खो-खो प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खराहल प्रथम और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कायस द्वितीय स्थान पर रहा। बैडमिंटन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलयानी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुल्लू दूसरे स्थान पर रहा।
मार्च पास्ट प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलयानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह के दौरान खंड प्रभारी धीरज शर्मा ने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रायसन के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, खिलाड़ियों और अन्य सदस्यों का भी धन्यवाद किया।