कुल्लू :ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा द्वारा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पुनर्गठित मीडिया विभाग की आधिकारिक सूची जारी की गई है। इस नई कार्यकारिणी में कुल्लू के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और अधिवक्ता नवनीत सूद को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश प्रवक्ता तथा मीडिया पैनलिस्ट नियुक्त किया गया है। नवनीत सूद कि इस ताजपोषी पर कुल्लू जिला कांग्रेस, अधिवक्ता परिषद तथा विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
छात्र राजनीति से शुरू होकर प्रदेश संगठन तक का सफर:
नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता नवनीत सूद का राजनीतिक व सामाजिक अनुभव अत्यंत व्यापक और निष्ठापूर्ण रहा है। उन्होंने वर्ष 1997 से 1999 के दौरान छात्र संगठन एनएसयूआई के कार्यकर्ता के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2004 से 2008 तक शहरी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद की कमान संभाली और युवाओं को संगठन से जोड़ा। वर्ष 2008 से 2011 तक वह कुल्लू विधानसभा युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष रहे। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें वर्ष 2012 से 2018 तक जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू के महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके उपरांत वर्ष 2018 से 2021 तक उन्होंने किसान कांग्रेस कुल्लू के जिलाध्यक्ष के रूप में किसानों के अधिकारों के लिए कार्य किया। वकालत के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है, जिसके चलते वर्ष 2021 से 2023 तक वे जिला बार एसोसिएशन कुल्लू के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने गए। वर्तमान में वह वर्ष 2023 से 2026 के कार्यकाल के लिए हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
बॉक्स
पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प:
अपनी इस नई जिम्मेदारी पर नवनीत सूद ने कांग्रेस आलाकमान, प्रदेश नेतृत्व और संगठन के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर विश्वास जता कर उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी है उस पर वह खरा उतरने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ संगठन की मजबूती के लिए कार्य करेंगे और प्रदेश सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाएंगे। नवनीत ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार जन-हितैषी निर्णय ले रही है और विभिन्न क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। वह मीडिया के माध्यम से सरकार की इन उपलब्धियों को प्रमुखता से जनता के सामने रखेंगे तथा विपक्षी दलों के आधारहीन और झूठे दावों का मुंहतोड़ जवाब देकर पार्टी की विचारधारा को मजबूती प्रदान करेंगे।