कुल्लू की जनता को सरकार ने हाशिये पर धकेला, अब कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भी उठा रहे हैं उपेक्षा का सवाल : सुरेंद्र शौरी

कुल्लू। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कुल्लू सदर के कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कुल्लू जिला लगातार उपेक्षा का शिकार रहा है। जिले में विकास कार्यों की गति ठप पड़ी है, महत्वपूर्ण परियोजनाएं लंबित हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार में जिले की आवाज को अपेक्षित महत्व नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का यह बयान कि क्या कुल्लू के लोगों को केवल बाजा बजाने के लिए रखा है, दरअसल वर्तमान सरकार के प्रति उनकी अपनी नाराजगी को ही नहीं, बल्कि पूरे कुल्लू जिले की अनदेखी की उस वास्तविकता को भी उजागर करता है, जिसे विपक्ष लंबे समय से उठाता आ रहा है। जब सत्तारूढ़ दल के वरिष्ठ विधायक को ही अपनी सरकार में कुल्लू के सम्मान और प्रतिनिधित्व के लिए आवाज उठानी पड़ रही है, तो सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम जनता, जनप्रतिनिधियों और जिले की जायज मांगों की सरकार में कितनी सुनवाई हो रही होगी। सुरेंद्र शौरी ने कहा कि विडंबना यह है कि कुल्लू के माननीय विधायक प्रदेश के बड़े कांग्रेस नेताओं की आवभगत और राजनीतिक नजदीकियां निभाने में तो सक्रिय रहे, लेकिन अपने जिले की मूलभूत समस्याओं, विकास की आवश्यकताओं और जनता की जायज मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने और उनका समाधान करवाने में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाए। आज स्थिति यह है कि कुल्लू जिले की जनता विकास के लिए इंतजार कर रही है, महत्वपूर्ण मांगें फाइलों में दबी हैं और जिले को सरकार के स्तर पर वह प्राथमिकता नहीं मिल रही, जिसका वह हकदार है। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला केवल पर्यटन, संस्कृति और देव परंपराओं के कारण ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यहां के लोगों ने प्रदेश की राजनीति, अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कुल्लू दशहरा की अंतरराष्ट्रीय पहचान और यहां की समृद्ध देव संस्कृति पूरे हिमाचल का गौरव है। ऐसे में जिले की जनता को केवल राजनीतिक आयोजनों और सांस्कृतिक पहचान तक सीमित समझना उसकी भावनाओं और स्वाभिमान का अपमान है। पारंपरिक बाजंत्री हमारी देव संस्कृति के सम्मानित संवाहक हैं, लेकिन पूरे जिले की जनता को इस संदर्भ में संबोधित करना निश्चित रूप से दुर्भाग्यपूर्ण है। सुरेंद्र शौरी ने कहा कि सरकार को चार वर्ष हो चुके हैं लेकिन इस सरकार ने अपनी गारंटिया पूरी करने के बजाए जनता व अपने नेताओं को ठगने का कार्य किया है। क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है और अब कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक का बयान इस बात का प्रमाण है कि कुल्लू जिले की उपेक्षा का मुद्दा अब केवल विपक्ष का आरोप नहीं रह गया है, बल्कि सत्तारूढ़ दल के भीतर से भी यह आवाज उठने लगी है। सरकार को चाहिए कि वह कुल्लू की जनता को राजनीतिक बयानबाजी और आश्वासनों से बहलाने के बजाय जिले की लंबित मांगों, विकास परियोजनाओं और जनसमस्याओं पर जवाब दे।

Post a Comment

Previous Post Next Post