मनाली में विंटर कार्निवल को लेकर पुलिस ने कसी कमर, 4 सैक्टरों में बंटी शहर की सुरक्षा व्यवस्था
मनाली।
जैसा कि विदित है, इस वर्ष भी मनाली में राष्ट्रीय स्तरीय विंटर कार्निवल का आयोजन 20 से 24 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। विंटर कार्निवल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मनाली शहर को चार सैक्टरों में विभाजित किया गया है।
सैक्टरों का विवरण इस प्रकार है:
- सैक्टर नंबर 1: मनु रंगशाला (कलामंच) रामबाग, मनाली।
- सैक्टर नंबर 2: मॉल रोड व इसके आसपास का क्षेत्र—मनु मार्केट, सियाली महादेव मार्केट, मिशन अस्पताल, डायमंड चौक व बस स्टैंड, मनाली।
- सैक्टर नंबर 3: आई-बैक्स चौक से पुलिस थाना मनाली तथा गोंपा रोड।
- सैक्टर नंबर 4: रामबाग चौक से सर्किट हाउस मनाली व ओल्ड मनाली क्षेत्र।
इन सभी सैक्टरों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3rd और 4th IRBn की दो रिजर्व टुकड़ियां मनाली पहुंच चुकी हैं, जिन्हें स्थानीय पुलिस के जवानों के साथ सैक्टर नंबर 1 और 2 में तैनात कर दिया गया है।
इस अवसर पर DSP मनाली के.डी. शर्मा द्वारा सभी पुलिस जवानों को ड्यूटी के संबंध में ब्रीफ किया गया। उन्होंने जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने, अनुशासन व संयम बनाए रखने तथा आम जनता व पर्यटकों से विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए।
सैक्टर नंबर 1 स्थित कलामंच में प्रवेश करने वाले सभी दर्शकों को फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए एंट्री प्वाइंट पर DFMD व HHMD के साथ पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
हाई-टेक निगरानी: संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन सर्विलांस की व्यवस्था की गई है। कंट्रोल रूम से CCTV कैमरों के माध्यम से भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए एंटी गुंडा सेल का गठन भी किया गया है।
वहीं, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए मनाली शहर व आसपास के क्षेत्रों को 8 बीट में विभाजित किया गया है, जहां स्थानीय पुलिस के साथ-साथ होमगार्ड के जवानों की भी तैनाती की गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विंटर कार्निवल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से कटिबद्ध है। इसके लिए स्थानीय जनता व सभी पर्यटकों से सहयोग की अपील की गई है।