नगर परिषद चुनाव: अमीना महंत राजगौर की वार्ड-9 से हुंकार, “शेर अभी जिंदा है”
कुल्लू में नगर परिषद चुनावों का काउंटडाउन शुरू होते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में वार्ड नंबर-11 की पूर्व पार्षद अमीना महंत राजगौर ने इस बार वार्ड नंबर-9 से चुनावी मैदान में उतरते हुए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।
अमीना महंत ने अपने चुनावी अभियान का आगाज भगवान वाल्मीकि मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लेने के साथ किया। उन्होंने कहा कि आज से चुनावी शुरुआत कर दी गई है और कल से प्रचार-प्रसार को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि महंत परिवार को राजनीतिक तौर पर दबाने की जो कोशिशें की जा रही हैं, वे कभी सफल नहीं होंगी। उन्होंने दो टूक कहा, “शेर अभी जिंदा है।”
अमीना महंत ने पार्टी के अंदरूनी हालात पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस की सच्ची कार्यकर्ता हैं और हमेशा कांग्रेस में ही रहेंगी, लेकिन कुछ बड़े नेता अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को साइडलाइन करने में लगे हैं, जो पार्टी हित में नहीं है।
नगर परिषद चुनाव से पहले अमीना महंत के इस सियासी तेवर ने कुल्लू की राजनीति में हलचल तेज कर दी है और आने वाले दिनों में मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।
