कुल्लू। ग्राम पंचायत पुइद के उपप्रधान पद के चुनाव में बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। चुनाव परिणाम ने यह साबित कर दिया कि लोकतंत्र में हर एक वोट की कितनी अहमियत होती है। उपप्रधान पद के उम्मीदवार बलवीर सिंह ठाकुर (बल्लू) को मतदाताओं का भरपूर समर्थन मिला और उन्हें कुल 366 वोट प्राप्त हुए। हालांकि मतगणना के दौरान उनके 4 वोट निरस्त (रिजेक्ट) घोषित किए गए, जिसके बाद उनके वैध मतों की संख्या 362 रह गई। वहीं विजयी उम्मीदवार को 363 वैध वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार बलवीर सिंह ठाकुर (बल्लू) महज एक वोट के बेहद मामूली अंतर से चुनाव हार गए। परिणाम घोषित होते ही पंचायत क्षेत्र में इस करीबी मुकाबले की चर्चा शुरू हो गई और यह चुनाव पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। चुनाव परिणाम के बाद बलवीर सिंह ठाकुर (बल्लू) ने पंचायत की जनता, समर्थकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो प्यार, विश्वास और सहयोग मिला है, वह उनके लिए किसी बड़ी जीत से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे। बलवीर सिंह ठाकुर (बल्लू) ने कहा, "मैं पंचायत के सभी मतदाताओं, समर्थकों और कार्यकर्ताओं का हृदय से धन्यवाद करता हूं। चुनाव में हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन जनता का स्नेह और विश्वास मेरे लिए सबसे बड़ी ताकत है। मैं आगे भी पंचायत के विकास, जनहित और समाजसेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा के साथ जुटा रहूंगा।" ग्राम पंचायत पुइद का यह चुनाव एक बार फिर यह संदेश देता है कि लोकतंत्र में हर एक वोट निर्णायक होता है, क्योंकि यहां जीत और हार का फैसला केवल एक वोट ने किया।