कुल्लू। कुल्लू साइंस स्कूल का वार्षिक समारोह स्माइल रिजॉर्ट में उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। समारोह में स्कूल के नन्हे-मुन्ने और बड़े बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर अभिभावक भी खुद को रोक नहीं पाए और कार्यक्रम में जमकर नाचे। समारोह की मुख्यतिथि ऑस्ट्रिया की समाजसेवी बिकी सोरीज रहीं। वहीं प्रसिद्ध बागवान टीकम ठाकुर, रविंद्र पाल, ताराचंद कौशिक सहित कई गणमान्य लोग विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर रेक्स ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल बच्चों को पढ़ाई में बेहतर बनाना नहीं, बल्कि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास पर भी स्कूल विशेष ध्यान देता है। उन्होंने बच्चों में सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए कहा कि आज के समय में अभिभावकों और शिक्षकों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। बच्चों को सोशल मीडिया के संतुलित और सकारात्मक उपयोग के लिए सही मार्गदर्शन दिया जाना जरूरी है। समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों को अभिभावकों और अतिथियों की खूब सराहना मिली।