कुल्लू। भाषा एवं संस्कृति विभाग, कुल्लू तथा गुरुकुल बहुमुखी शिक्षा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में ‘दूसरा कुल्लू साहित्य-सम्वाद-2026’ देवसदन में आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से साहित्यकार, कवि और लेखक पहुंचे। कार्यक्रम तीन सत्रों में आयोजित हुआ। पहले सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। दूसरे सत्र में कवि गणेश गनी की काव्य-यात्रा पर परिचर्चा हुई तथा उनके काव्य संग्रह ‘ढालपुर में चिनार’ का लोकार्पण किया गया। सत्र का संचालन डॉ. हेम राज भारद्वाज ने किया।
कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर से प्रसिद्ध कवि अग्निशेखर मुख्य अतिथि रहे, जबकि लेखक गंगा राम राजी विशिष्ट अतिथि और साहित्य आलोचक एवं उपन्यासकार निरंजन देव शर्मा अध्यक्ष रहे। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे साहित्यकारों ने गणेश गनी की साहित्यिक यात्रा पर विचार रखे। इस अवसर पर आनंद कुमार राय, डॉ. अजीत प्रियदर्शी, वल्लभ, पवन चौहान, डॉ. सूरत ठाकुर, इशिता आर. गिरीश, डॉ. विजय विशाल, डॉ. पान सिंह, संजू पॉल, डॉ. कल्याण सिंह, गंगा राम राजी , निरंजन देव शर्मा और अग्निशेखर को साहित्य, कला, स्वास्थ्य सेवाओं व अन्य क्षेत्रों में योगदान के लिए गुरुकुल सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। तीसरे सत्र में कवि सम्मेलन और युवा कवियों की गोष्ठी आयोजित हुई। कवि सम्मेलन का संचालन डॉ. संगीता कौंडल तथा युवा कवि गोष्ठी का संचालन अनिल ठाकुर ने किया।