भुंतर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 104 ग्राम चिट्टा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
एसपी कुल्लू ने की पुलिस टीम की सराहना
कुल्लू: थाना भुंतर पुलिस ने वर्ष 2026 की प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन (चिट्टा) की खेप बरामद कर नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में एक स्थानीय युवक सहित पंजाब के लुधियाना निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
नशा तस्करी का यह मामला वीरवार को उस समय सामने आया, जब पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि छोटा भुईन क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरा व्यक्ति नशे की खेप के साथ मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी राजेश की विशेष निगरानी में भुंतर पुलिस ने होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद दो व्यक्तियों के कब्जे से 104 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- 1. निखिल शर्मा (32): पुत्र श्री प्रेम चंद, निवासी गांव पारला भुंतर, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू (हि.प्र.)
- 2. शिव कुमार (32): पुत्र सुखदेव सिंह, निवासी मकान नंबर 75, गंमती निच्ची, डाकघर रामगढ़, तहसील व जिला लुधियाना (पंजाब)
मामले की जानकारी देते हुए एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 व 29 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों से नशे के स्रोत, सप्लाई चैन और नेटवर्क की पहचान के लिए गहन पूछताछ कर रही है।
