कुल्लू का पंचायत राज संस्थाओं का चुनाव कार्यक्रम निर्धारित

*कुल्लू का पंचायत राज संस्थाओं का चुनाव कार्यक्रम निर्धारित* कुल्लू, 29 अप्रैल : राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पंचायत राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जिला कुल्लू में चुनाव कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसमे ज़िला की चार पंचायतों को छोड़कर जिसमे विकास खंड नगर की ग्राम पंचायत सोयल व करजां तथा विकास खंड आनी की ग्राम पंचायत नम्होग व जाबन में प्रधान, उप-प्रधान तथा वार्ड सदस्यों के निर्वाचन को छोड़कर अन्य ग्राम पंचायतों में चुनाव करवाए जाएंगे।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथि 07 मई, 08 मई तथा 11 मई 2026 (प्रातः 11:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक) तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई 2026 (प्रातः 10:00 बजे से) की जाएगी, जबकि नाम वापसी की तिथि 14 व 15 मई 2026 (प्रातः 10:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक) निर्धारित है। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची तथा चुनाव चिन्हों का आवंटन 15 मई 2026 को नामांकन वापसी के तुरंत बाद किया जाएगा। मतदान की सूची का प्रकाशन 07 मई या पूर्व किया जाएगा।
मतदान 26 मई 2026 (प्रथम चरण), 28 मई 2026 (द्वितीय चरण) तथा 30 मई 2026 (तृतीय चरण) को प्रातः 7:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मतगणना ग्राम पंचायत प्रधान, उप-प्रधान व वार्ड सदस्यों के लिए मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित पंचायत मुख्यालय में की जाएगी। पंचायत समिति तथा जिला परिषद के सदस्यों के लिए मतगणना 31 मई 2026 को प्रातः 9:00 बजे से निर्धारित स्थानों पर होगी। चुनाव परिणामों की घोषणा ग्राम पंचायत स्तर पर मतगणना पूर्ण होने के तुरंत बाद की जाएगी, जबकि पंचायत समिति एवं जिला परिषद के परिणाम 31 मई 2026 को मतगणना समाप्ति के पश्चात घोषित किए जाएंगे। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला की समस्त जनता से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर चुनाव को सफल बनाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post